Friday, June 12, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

राजधानी में भीषण हीटवेव, मई की सबसे गर्म रात से लोग बेहाल

May 26, 2026 Source: Indivox News

राजधानी में भीषण हीटवेव, मई की सबसे गर्म रात से लोग बेहाल
दिल्ली-NCR में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन के साथ-साथ अब रातें भी लोगों के लिए राहत नहीं बल्कि परेशानी का कारण बन गई हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी ने मई महीने की सबसे गर्म रातों में से एक दर्ज की है। सोमवार को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक रहा। इससे पहले 26 मई 2012 को न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। यानी करीब 14 साल बाद दिल्ली ने इतनी गर्म रात का अनुभव किया है। दिन के समय भी राजधानी में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिला। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं पालम, रिज, लोदी रोड और आयानगर जैसे इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के कई हिस्सों में ‘गर्म रात’ जैसी स्थिति बनी रही, जहां रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। IMD के अनुसार, किसी क्षेत्र में ‘गर्म रात’ तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक दर्ज किया जाए। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। लोगों को रात में भी उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे नींद और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन में पश्चिमी हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और झोंकों के दौरान यह गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज गर्मी का असर बिजली खपत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को दिल्ली में बिजली की मांग बढ़कर 8,439 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस सीजन का नया रिकॉर्ड है। पिछले छह दिनों में चौथी बार बिजली की मांग 8 हजार मेगावाट के पार पहुंची है। बिजली कंपनियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह मांग 9 हजार मेगावाट तक जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त पानी पीते रहें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।