Thursday, June 11, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

सिद्धारमैया की ब्रेकफास्ट मीटिंग से बढ़ी हलचल, इस्तीफे की खबर हुई तेज

May 28, 2026 Source: Indivox News

सिद्धारमैया की ब्रेकफास्ट मीटिंग से बढ़ी हलचल, इस्तीफे की खबर हुई तेज
कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। राज्य की कांग्रेस सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकलें अब लगभग तय मानी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं और उनकी जगह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार राज्य की कमान संभाल सकते हैं। इसी राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने सरकारी आवास ‘कावेरी’ में मंत्रियों की एक अहम ब्रेकफास्ट मीटिंग बुलाई। इस बैठक में सरकार के कई मंत्री और डीके शिवकुमार भी शामिल हुए। बैठक शुरू होते ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा और तेज हो गई कि इसके बाद मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। मीटिंग के दौरान इडली, वड़ा और मसाला डोसा जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे गए, लेकिन असली चर्चा सत्ता परिवर्तन को लेकर होती रही। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएमओ ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सिद्धारमैया आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप सकते हैं। हालांकि इस बीच कहानी में एक नया मोड़ तब आया, जब यह जानकारी सामने आई कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल पारिवारिक कारणों से इंदौर में मौजूद हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे कि इस्तीफा किसे सौंपा जाएगा। जानकारी के अनुसार सिद्धारमैया ने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा था और दोपहर तक इस्तीफा देने की तैयारी थी। लेकिन राज्यपाल की गैरमौजूदगी के बावजूद संवैधानिक प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी। नियमों के मुताबिक मुख्यमंत्री अपना लिखित इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सीधे या ई-मेल के जरिए भी सौंप सकते हैं। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो कांग्रेस नेतृत्व अब सिद्धारमैया को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका देने की तैयारी कर रहा है। पार्टी चाहती है कि वे 2029 लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालें। उन्हें कांग्रेस के प्रमुख ओबीसी चेहरों में शामिल करते हुए सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना और पिछड़ा वर्ग राजनीति जैसे मुद्दों पर पार्टी की रणनीति मजबूत करने का दायित्व दिया जा सकता है। सूत्र यह भी बताते हैं कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को भरोसा दिलाया है कि उनकी राजनीतिक चिंताओं और समर्थकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्हें राज्यसभा भेजने और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में बड़ी जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा चल रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आज कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन का औपचारिक ऐलान होगा और क्या डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।