Thursday, June 11, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

Delhi Crime News: चलती कार में युवक से मारपीट और लूट, 6 आरोपी गिरफ्तार

May 29, 2026 Source: Indivox News

Delhi Crime News: चलती कार में युवक से मारपीट और लूट, 6 आरोपी गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली में हाईवे पर हुई लूट और किडनैपिंग की सनसनीखेज वारदात का दिल्ली पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और पीड़ित की बाइक भी बरामद कर ली है। यह घटना 26 और 27 मई 2026 की दरमियानी रात नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में हुई थी। जानकारी के अनुसार होलंबी खुर्द निवासी अभिनव त्रिपाठी शाहबाद डेयरी इलाके से अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। देर रात जब वह छोटी मेट्रो कट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई एक सफेद रंग की मारुति कार ने उनकी बाइक को रोक लिया। पीड़ित कुछ समझ पाते उससे पहले ही कार में सवार बदमाशों ने उन्हें जबरन कार के अंदर खींच लिया। आरोपियों ने चलती कार में अभिनव के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसी दौरान एक आरोपी उनकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित काफी डरे हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के भाई ने तुरंत PCR कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली और हरियाणा के युवक शामिल हैं। पुलिस ने अंकित, हर्ष, सुधीर और संकेत नाम के 4 वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल 2 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं। इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।