India
कर्नाटक को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, डीके शिवकुमार आज लेंगे शपथ ....
June 3, 2026 Source: Indivox News
कर्नाटक को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार आज राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनका शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में आयोजित होगा। इस अवसर पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री पद संभालने से पहले दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ कई दौर की बैठकों के बाद नई कैबिनेट की तस्वीर भी लगभग साफ हो गई है। जानकारी के अनुसार, डीके शिवकुमार के साथ 13 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं के साथ कुछ नए चेहरों को भी जगह दी गई है, जिनमें प्रियांक खरगे और कृष्णा बायरेगौड़ा शामिल हैं।
कांग्रेस ने मंत्रिमंडल गठन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। जी परमेश्वर के उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। वहीं एमबी पाटिल, ईश्वर खंड्रे, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जरकीहोली और केजे जॉर्ज जैसे नेताओं को भी कैबिनेट में स्थान मिल सकता है।
शपथ ग्रहण से पहले डीके शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री बनना उनका सपना नहीं बल्कि वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जीत बताया।
इधर कांग्रेस नेतृत्व ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का सदस्य नियुक्त किया है। CWC कांग्रेस की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था मानी जाती है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है।