India
कांग्रेस का नया दांव! चुनाव बाद निष्कासित नेताओं की घर वापसी ....
June 3, 2026 Source: Indivox News
सूरजपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पार्टी से निष्कासित किए गए 9 नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुनः कांग्रेस में शामिल कर लिया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने आदेश जारी किया है। यह फैसला छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अनुमति के बाद लिया गया।
जानकारी के अनुसार, नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और बगावत के आरोप में इन नेताओं को छह वर्षों के लिए कांग्रेस से निष्कासित किया गया था। हालांकि, शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी नेतृत्व ने सभी को फिर से संगठन में शामिल करने का निर्णय लिया है।
पार्टी में वापसी करने वालों में शक्ति ठाकुर, पल्लवी (गुड़िया), पुष्पलता पवन साहू, अफरोज खान (कल्लू), गीता पुरी, संजीत यादव, उदय यादव, अभय विश्वकर्मा और निशा बीजू दासन शामिल हैं। ये सभी सूरजपुर जिले की विभिन्न नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं।
कांग्रेस के इस फैसले को राजनीतिक गलियारों में यू-टर्न के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस निर्णय को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकता के लिए इसे सकारात्मक कदम बताया है, जबकि कुछ लोगों ने निष्कासन के बाद इतनी जल्दी वापसी पर सवाल भी उठाए हैं।
फिलहाल, कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना जरूरी है। इस फैसले के बाद जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।