Thursday, June 11, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

World

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बीच ट्रंप का बड़ा झटका, बढ़ेंगे टैरिफ? ...

June 3, 2026 Source: Indivox News

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बीच ट्रंप का बड़ा झटका, बढ़ेंगे टैरिफ? ...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर वैश्विक व्यापार नीति को लेकर सख्त रुख अपनाने की तैयारी में हैं। अमेरिका भारत समेत कई देशों पर नए आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने का प्रस्ताव लेकर आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार भारत पर 10% से लेकर 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है, जिससे भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर असर पड़ने की आशंका है। यह प्रस्ताव अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) द्वारा की गई जांच के बाद सामने आया है। USTR का दावा है कि भारत, चीन सहित करीब 60 देशों ने कथित तौर पर जबरन श्रम (फोर्स्ड लेबर) से बने उत्पादों के आयात को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं। इसके कारण अमेरिकी उद्योगों और कारोबारों को नुकसान पहुंच रहा है। प्रस्तावित सूची में भारत और चीन के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, ब्राजील और स्विट्जरलैंड जैसे देश भी शामिल हैं। इन देशों से आने वाले उत्पादों पर 12.5% तक टैरिफ लगाने की सिफारिश की गई है। वहीं कनाडा, मैक्सिको, यूरोपीय संघ, ताइवान और ब्रिटेन से आयातित सामानों पर 10% टैरिफ लगाने का सुझाव दिया गया है। USTR ने बताया कि इस मामले की जांच 12 मार्च से शुरू हुई थी। जांच के दौरान लगभग 60 गवाहों के बयान दर्ज किए गए और करीब 500 सार्वजनिक टिप्पणियों पर विचार किया गया। एजेंसी का मानना है कि जबरन श्रम से बने उत्पादों पर प्रभावी रोक नहीं होने से वैश्विक श्रम शोषण के खिलाफ प्रयास कमजोर पड़ते हैं और बाजार में असमान प्रतिस्पर्धा पैदा होती है। हालांकि व्यापारिक मतभेदों के बावजूद अमेरिका अभी भी भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 120 अरब डॉलर से अधिक पहुंच चुका है। ऐसे में यदि यह टैरिफ लागू होता है तो भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की चल रही बातचीत और आर्थिक संबंधों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।