Thursday, June 11, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

विश्व पर्यावरण दिवस पर दिल्ली सरकार की बड़ी पहल, 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन ...

June 5, 2026 Source: Indivox News

विश्व पर्यावरण दिवस पर दिल्ली सरकार की बड़ी पहल, 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन ...
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार ने राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 18 ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ जनता को समर्पित किए। दक्षिण दिल्ली के मैदानगढ़ी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इन पार्कों का शुभारंभ किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान ‘दिल्ली की कार्य योजना 2026-27 से 2036-37’ और ‘दिल्ली बर्ड एटलस’ जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जारी किए गए, जिनका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जैव विविधता को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बजट में 21 प्रतिशत राशि ग्रीन प्रोजेक्ट्स के लिए निर्धारित की गई है। सरकार ने वर्ष 2026-27 में 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल होकर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में कुल 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना है, जिनमें से 18 पार्कों का शुभारंभ किया जा चुका है। इन पार्कों में घने और फलदार पेड़ लगाए जाएंगे, जिससे हरित आवरण बढ़ेगा, पक्षियों को प्राकृतिक आवास मिलेगा और वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। सरकार का मानना है कि बढ़ते शहरीकरण और प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए हरित क्षेत्र का विस्तार बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान, ऑक्सीजन पार्क और अन्य पर्यावरणीय परियोजनाओं को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।