Thursday, June 11, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

World

सिंधु जल समझौते पर भारत ने दिखाई सख्ती, पाकिस्तान को चेतावनी ...

June 5, 2026 Source: Indivox News

सिंधु जल समझौते पर भारत ने दिखाई सख्ती, पाकिस्तान को चेतावनी ...
भारत ने सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान के हालिया आरोपों का कड़ा जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पाकिस्तान अपनी धरती से संचालित होने वाले सीमा पार आतंकवाद पर पूरी तरह रोक नहीं लगाता, तब तक सिंधु जल संधि स्थगित ही रहेगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पाकिस्तान के उन दावों को खारिज कर दिया, जिनमें भारत पर चिनाब नदी का पानी मोड़कर संधि का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था। पाकिस्तान ने दावा किया था कि भारत चिनाब नदी के जल को सुरंग के माध्यम से ब्यास नदी तक पहुंचाने की योजना बना रहा है, जो सिंधु जल संधि और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का गंभीर उल्लंघन होगा। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने इस संबंध में चिंता जताई थी। हालांकि, भारत ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उसका रुख हमेशा स्पष्ट और पारदर्शी रहा है। गौरतलब है कि भारत ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सिंधु जल संधि को स्थगित करने का फैसला लिया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए थे, जिनमें 1960 की विश्व बैंक मध्यस्थता वाली सिंधु जल संधि को रोकना भी शामिल था। इस बीच विदेश मंत्रालय ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए हैं। हाल ही में अमेरिकी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच रचनात्मक बातचीत हुई। सरकार ने कहा कि दोनों पक्ष जल्द से जल्द समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और आने वाले समय में वार्ता के और दौर आयोजित किए जाएंगे।