Sports
एशिया की ऑल-टाइम लिस्ट में पाथिराज की एंट्री, नीरज टॉप-3 से बाहर…
June 5, 2026 Source: Indivox News
रोम में आयोजित डायमंड लीग प्रतियोगिता में श्रीलंका के युवा जैवलिन थ्रोअर रुमेश थरंगा पाथिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर में पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया और खिताब अपने नाम कर लिया। 23 वर्षीय पाथिराज ने दूसरे प्रयास में 92.62 मीटर की जबरदस्त थ्रो फेंककर न केवल प्रतियोगिता जीती, बल्कि एशियाई जैवलिन इतिहास में भी अपनी खास जगह बना ली।
इस प्रदर्शन के साथ पाथिराज एशिया के सर्वश्रेष्ठ जैवलिन थ्रोअर्स की ऑल-टाइम सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके इस रिकॉर्ड ने भारत के ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा को टॉप-3 सूची से बाहर कर दिया है। नीरज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.23 मीटर है, जो अब एशियाई सूची में चौथे स्थान पर खिसक गया है।
एशियाई रिकॉर्ड फिलहाल पाकिस्तान के स्टार जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम के नाम है, जिन्होंने 92.97 मीटर की थ्रो के साथ पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं चीनी ताइपे के चाओ-त्सुन चेंग 91.36 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
रोम डायमंड लीग में भारत के उभरते हुए जैवलिन थ्रोअर सचिन यादव ने भी हिस्सा लिया। डायमंड लीग में पदार्पण कर रहे सचिन ने 79.18 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और आठवें स्थान पर रहे। गौरतलब है कि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 86.27 मीटर है।
नीरज चोपड़ा इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं हुए। तुर्की में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वह स्विट्जरलैंड के बिएन में अभ्यास कर रहे हैं। अब पुरुषों की जैवलिन स्पर्धा वाली अगली डायमंड लीग 19 जून को दोहा, कतर में आयोजित होगी, जहां सभी की नजरें नीरज की वापसी पर रहेंगी।