World
जेलेंस्की की पहल पर पुतिन ने फेरा पानी, बातचीत के प्रस्ताव को नकारा ...
June 6, 2026 Source: Indivox News
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को चार साल से अधिक समय हो चुका है। दोनों देशों के बीच लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले हो रहे हैं, जिनमें अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सीधे बातचीत का प्रस्ताव दिया था, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुतिन ने इस प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।
जेलेंस्की ने पुतिन के नाम एक खुला पत्र लिखकर युद्ध समाप्त करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि यूक्रेन युद्धबंदियों की अदला-बदली और युद्ध के दौरान ले जाए गए नागरिकों व बच्चों की वापसी के लिए तैयार है। उनका मानना है कि ये कदम शांति की दिशा में अहम साबित हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने रूस को बढ़ते सैन्य नुकसान और सीमित होते संसाधनों का भी जिक्र किया।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया कि रूसी सेना को भारी क्षति उठानी पड़ रही है और लंबे समय तक इस स्थिति को बनाए रखना रूस के लिए मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
वहीं दूसरी ओर, व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिक्स देशों की आर्थिक ताकत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक जीडीपी वृद्धि में ब्रिक्स देशों का योगदान तेजी से बढ़ रहा है और यह समूह जी-7 देशों से आगे निकल चुका है।
पुतिन ने भारत की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत आईटी क्षेत्र में अग्रणी देशों में शामिल है और दोनों देशों के बीच व्यापार जल्द ही 100 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। उन्होंने सितंबर 2026 में भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने की भी पुष्टि की।