India
दिल्ली में CJP का शक्ति प्रदर्शन: अभिजीत ने कहा- 5 दिन में फैसला लें शिक्षा मंत्री, वरना...
June 6, 2026 Source: Indivox News
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पेपर लीक मामलों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री अगले पांच दिनों के भीतर अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अगले शनिवार को एक बार फिर जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया कि अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
इस आंदोलन में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए, जिसके बाद प्रदर्शन स्थल पर लोगों की संख्या और बढ़ गई। सोनम वांगचुक ने प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अवसर मिलना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और अपनी मौजूदगी को सद्भावना का संदेश बताया।
प्रदर्शन के दौरान CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी अभिजीत दीपके के साथ मौजूद रहे। वे IIT कानपुर से पढ़ाई कर चुके हैं और पिछले वर्ष लंदन से भारत लौटे थे।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पॉइंट्स पर निगरानी बढ़ाई गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।