Wednesday, June 10, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

World

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में भारतीय युवक की हत्या, नकली ऑर्डर के जरिए सुनसान जगह बुलाया...

June 7, 2026 Source: Indivox News

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में भारतीय युवक की हत्या, नकली ऑर्डर के जरिए सुनसान जगह बुलाया...
अमेरिका के फिलाडेल्फिया में तेलंगाना के 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने के साथ-साथ अतिरिक्त आय के लिए वीकेंड पर पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी का काम भी करते थे। बताया जा रहा है कि उन्हें एक फर्जी पिज्जा ऑर्डर के जरिए सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर में कई गोलियां मार दीं और मौके से फरार हो गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, जिस पते पर डिलीवरी का ऑर्डर दिया गया था, वह मकान खाली पड़ा था। जांच एजेंसियों को शक है कि यह ऑर्डर केवल अंशुल को वहां बुलाने के लिए किया गया था। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में अंशुल के पीछे दो संदिग्धों को चलते हुए देखा गया है। दोनों ने गहरे रंग के कपड़े पहन रखे थे और उनके पास बैग भी थे। अंशुल तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी जिले के गुंडलपोचमपल्ली के रहने वाले थे और करीब चार साल पहले नौकरी के सिलसिले में अमेरिका गए थे। उनकी बहन तन्वी का कहना है कि यह कोई लूटपाट नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने न तो पैसे मांगे और न ही कोई सामान छीना, बल्कि गोली मारकर अंशुल को सड़क पर छोड़ दिया। घटना के बाद परिवार ने भारतीय वाणिज्य दूतावास से अंशुल का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की मांग की है। वहीं, न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह परिवार के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।