Wednesday, June 10, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

मेस्सी GOAT टूर विवाद: पूर्व खेल मंत्री पर कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी...

June 9, 2026 Source: Indivox News

मेस्सी GOAT टूर विवाद: पूर्व खेल मंत्री पर कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी...
लियोनेल मेस्सी के GOAT इंडिया टूर से जुड़े मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस विवाद से जुड़े FIR मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें कोई अंतरिम राहत या सुरक्षा देने से इनकार कर दिया है, जिससे उनकी गिरफ्तारी की आशंका और अधिक गहरा गई है। मामला तब और गंभीर हो गया जब अरूप बिस्वास ने अदालत में अग्रिम सुनवाई और अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की। उन्होंने दलील दी कि उनके भाई स्वरूप बिस्वास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उन्हें भी किसी भी समय पुलिस हिरासत में लिया जा सकता है। हालांकि, जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की पीठ ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में लंबित मामलों की संख्या बहुत अधिक है, इसलिए इस याचिका को सामान्य प्रक्रिया के तहत सूचीबद्ध कर बाद में ही सुना जाएगा। इस फैसले के चलते पूर्व खेल मंत्री को फिलहाल किसी भी तरह की अंतरिम कानूनी राहत नहीं मिल सकी है। इसके कारण पुलिस कार्रवाई का खतरा उन पर और बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें बिधाननगर दक्षिण पुलिस स्टेशन में पेश होना था, लेकिन वे निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हो पाए। यह पूरा विवाद लियोनेल मेस्सी के GOAT इंडिया टूर के कोलकाता कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है, जो भारी अव्यवस्था और कथित अनियमितताओं के कारण पहले ही विवादों में घिर चुका था। इस मामले में आयोजक सतद्रु दत्ता ने पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास पर हस्तक्षेप, टिकट हेराफेरी और दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी। फिलहाल, कोर्ट से राहत न मिलने के बाद अरूप बिस्वास की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं, और मामला लगातार राजनीतिक एवं खेल जगत दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है।