World
EU ने भारत को दिया झटका, रूस की सेना से जुड़े कारोबार के आरोप में 50 कंपनियों पर कार्रवाई...
June 10, 2026 Source: Indivox News
EU Sanctions On Indian Companies: यूरोपीय यूनियन (EU) ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बड़ा कदम उठाते हुए भारत, चीन और अन्य देशों की करीब 50 कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। ईयू का आरोप है कि ये कंपनियां रूस की सेना और सैन्य-औद्योगिक तंत्र के साथ सीधे कारोबार कर रही हैं और मॉस्को की युद्ध क्षमता को बनाए रखने में मदद कर रही हैं।
मंगलवार को यूरोपीय यूनियन ने रूस के खिलाफ अपने 21वें प्रतिबंध पैकेज की घोषणा की। इसके तहत भारत, चीन, तुर्कीये, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित कई कंपनियों पर नए एक्सपोर्ट कंट्रोल उपाय लागू किए जाएंगे। इन कंपनियों पर संवेदनशील तकनीक और सामान के निर्यात पर रोक लगाई जा सकती है।
यूरोपीय संघ की विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की प्रमुख काजा कल्लास ने कहा कि इन कदमों का उद्देश्य रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को कमजोर करना और यूक्रेन में उसके सैन्य अभियान को वित्तीय सहायता मिलने से रोकना है। उन्होंने बताया कि नई सूची में ड्रोन निर्माण से जुड़ी 30 से अधिक संस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा।
ईयू के प्रस्तावित प्रतिबंध पैकेज में रूस की मदद करने के आरोपों के बीच बैंकों, हथियार निर्माताओं, तेल कारोबारियों, रिफाइनरियों और क्रिप्टो ऑपरेटरों को भी निशाने पर लिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 90 बैंकों की संपत्तियां जब्त की जा सकती हैं, जबकि 30 से अधिक बैंकों के साथ लेनदेन पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जाने की तैयारी है। इसके अलावा 11 क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म पर भी ट्रांजैक्शन बैन लगाने की योजना बनाई गई है।