Wednesday, June 10, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

भारत मंडपम पहुंचे पीएम मोदी, एनडीए की बड़ी बैठक में उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा...

June 10, 2026 Source: Indivox News

भारत मंडपम पहुंचे पीएम मोदी, एनडीए की बड़ी बैठक में उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा...
केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बीच बुधवार को दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सरकार की प्राथमिकताओं की समीक्षा करेंगे और आने वाले समय के लिए गठबंधन की रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी मंथन किया जाएगा। प्रधानमंत्री बैठक में उपस्थित सभी नेताओं को संबोधित भी करेंगे। भारत मंडपम में आयोजित इस अहम बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पहुंचे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी बैठक में शामिल हुए। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और इस मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।