India
इकरा फिरदौस की संदिग्ध मौत पर JNU में प्रदर्शन, छात्रों ने मांगा निष्पक्ष न्याय...
June 10, 2026 Source: Indivox News
जम्मू-कश्मीर की छात्रा इकरा फिरदौस की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में मंगलवार शाम जम्मू-कश्मीर के छात्रों ने कैंडललाइट मार्च निकालकर इकरा के प्रति एकजुटता दिखाई और मामले की निष्पक्ष तथा त्वरित जांच की मांग उठाई।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, जेएनयू छात्र संघ (JNUSU) के सदस्य और विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए और जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने जांच में कथित देरी पर नाराजगी जताते हुए फॉरेंसिक रिपोर्ट को तत्काल सार्वजनिक करने और मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी नियमित रूप से साझा करने की मांग की। छात्रों का कहना था कि पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई से ही परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत होगी।
कैंडललाइट मार्च के दौरान जेएनयू छात्र संघ की काउंसलर हफ्सा बुखारी ने कहा कि अब तक इकरा के परिवार को न्याय की दिशा में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। वहीं, जेएनयूएसयू के संयुक्त सचिव ने कहा कि छात्र संघ इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में और देरी हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से भी अपील की कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे और छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से ले। गौरतलब है कि इकरा फिरदौस 30 मई की शाम घर से सामान खरीदने निकली थीं, जिसके बाद उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था।