Friday, June 12, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

मेडिकल मुलाहिजा के दौरान फरार हुआ आरोपी, धमतरी SP ने दिखाई सख्ती...

June 12, 2026 Source: Indivox News

मेडिकल मुलाहिजा के दौरान फरार हुआ आरोपी, धमतरी SP ने दिखाई सख्ती...
धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी पलाश गजभिए को कुछ दिन पहले गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत उसे मेडिकल जांच के लिए नगरी अस्पताल ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और वहां से फरार हो गया। आरोपी के भागने की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। हालांकि अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए धमतरी के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने प्रारंभिक जांच के बाद लापरवाही बरतने वाले एएसआई सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, हिमेश नेताम और डीगेश्वरी साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच जारी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार है।