World
चीन की मदद से समुद्र में मजबूत हुआ पाकिस्तान, पहुंची पहली हंगोर पनडुब्बी...
June 13, 2026 Source: Indivox News
पाकिस्तान की नौसेना को बड़ा बल देते हुए चीन में निर्मित पहली हंगोर-क्लास पनडुब्बी कराची पहुंच गई है। आधुनिक तकनीक से लैस यह सबमरीन 11 जून को पाकिस्तान पहुंची, जिसके बाद कराची नौसैनिक अड्डे पर इसका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इसे पाकिस्तान नौसेना के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए अधिकारियों और जवानों को बधाई दी।
हंगोर-क्लास पनडुब्बी चीन की टाइप-039A डिजाइन पर आधारित डीजल-इलेक्ट्रिक अटैक सबमरीन है। इसमें एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (AIP) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी मदद से यह लंबे समय तक समुद्र के भीतर बिना सतह पर आए गुप्त रूप से संचालन करने में सक्षम है। इसी वजह से इसे अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय पनडुब्बियों में गिना जाता है।
चीन से रवाना होने के बाद यह पनडुब्बी मलेशिया, इंडोनेशिया, सुंडा जलडमरूमध्य और श्रीलंका के रास्ते पाकिस्तान पहुंची। पाकिस्तान इस परियोजना को चीन के साथ अपनी मजबूत रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक मान रहा है।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान को चीन से कुल आठ हंगोर-क्लास पनडुब्बियां मिलने वाली हैं, जिनके लिए अरबों डॉलर का समझौता किया गया है। माना जा रहा है कि चीन हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी रणनीतिक मौजूदगी बढ़ाने और भारत को घेरने की नीति के तहत पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग को लगातार मजबूत कर रहा है। विशेषज्ञ इसे चीन की ‘स्ट्रिंग ऑफ पर्ल्स’ रणनीति का हिस्सा मानते हैं, जिसके जरिए वह क्षेत्रीय स्तर पर अपने प्रभाव का विस्तार करने की कोशिश कर रहा है।