India
Telegram Ban: 22 जून तक टेलीग्राम पर रोक, मोदी सरकार का अहम फैसला...
June 16, 2026 Source: Indivox News
नई दिल्ली। NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह कार्रवाई की है। आदेश के अनुसार, टेलीग्राम पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक लागू रहेगी, जबकि 30 जून तक प्लेटफॉर्म पर मैसेज एडिट करने की सुविधा भी बंद रहेगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस फैसले का स्वागत किया है।
गौरतलब है कि पेपर लीक विवाद के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था और अब दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है। परीक्षा से ठीक पहले सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि फर्जी जानकारी और अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।
NTA के अनुसार, कुछ गिरोह टेलीग्राम चैनलों के जरिए छात्रों और उनके अभिभावकों को कथित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी कर रहे थे। “Paper Leaked NEET”, “Re-NEET 2026” और “Private Mafia” जैसे कई चैनलों के माध्यम से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की मांग की जा रही थी। परीक्षा के बाद पुराने संदेशों में असली प्रश्नपत्र जोड़कर यह दिखाने की कोशिश की जाती थी कि पेपर पहले ही लीक हो चुका था।
लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए हैं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय वायुसेना की मदद ली जा रही है, जबकि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए CRPF और CISF के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त समय और उत्तर पुस्तिकाओं में रफ वर्क के लिए अधिक जगह देने का भी फैसला किया गया है।