Wednesday, June 17, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

करदमपुरी में लड़की को लेकर झगड़ा, दो गुटों में चाकूबाजी, दो घायल...

June 17, 2026 Source: Indivox News

करदमपुरी में लड़की को लेकर झगड़ा, दो गुटों में चाकूबाजी, दो घायल...
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र ज्योति नगर के करदमपुरी इलाके में लड़की से मिलने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दो गुटों के बीच चाकूबाजी हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद लंबे समय से चल रहे आपसी तनाव का नतीजा था। मामला तब बिगड़ा जब एक पक्ष का आरोप था कि दूसरे पक्ष का युवक इलाके की एक युवती से मिलने आता था, जिसे लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष 16 जून की शाम करदमपुरी की गली नंबर-4 में आमने-सामने आए। बैठक के दौरान बातचीत जल्द ही बहस में बदल गई और स्थिति बिगड़ती चली गई। आरोप है कि पहले एक युवक ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मामला पूरी तरह बेकाबू हो गया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया, जिसमें हुसैन और रहमान गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। पीड़ितों की पहचान 18 वर्षीय हुसैन और 19 वर्षीय रहमान के रूप में हुई है। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों फरदीन और काशिफ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी साजिद अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की और अप्रिय घटना न हो।