Saturday, June 20, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

Sports

अफगानिस्तान के खिलाफ क्लीन स्वीप की तैयारी, तीसरे वनडे में दिखेंगे हर्षित राणा!

June 19, 2026 Source: Indivox News

अफगानिस्तान के खिलाफ क्लीन स्वीप की तैयारी, तीसरे वनडे में दिखेंगे हर्षित राणा!
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले ही शुरुआती दो मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है और अब उसकी नजर अफगानिस्तान का क्लीन स्वीप करने पर होगी। धर्मशाला में पहला मैच भारत ने सात विकेट से जीता था, जबकि लखनऊ में दूसरे वनडे में 170 रनों की बड़ी जीत दर्ज की थी। तीसरे वनडे से पहले भारतीय टीम में तेज गेंदबाज हर्षित राणा की वापसी हुई है। घुटने की चोट के कारण लंबे समय से मैदान से बाहर चल रहे हर्षित अब प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह मौका दिया जा सकता है। सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के कंधों पर रहने की संभावना है। नंबर तीन पर कप्तान शुभमन गिल उतर सकते हैं, जिन्होंने दूसरे वनडे में शानदार 154 रन बनाए थे। ईशान किशन चौथे नंबर पर खेल सकते हैं, जबकि श्रेयस अय्यर और विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल मध्यक्रम को मजबूती देंगे। ऑलराउंडर के तौर पर वाशिंगटन सुंदर का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, जांघ की चोट से जूझ रहे नीतीश कुमार रेड्डी के लगातार दूसरे मैच में भी बाहर रहने की संभावना है। गेंदबाजी विभाग में गुरनूर बरार नई गेंद संभाल सकते हैं, जबकि कुलदीप यादव और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अंतिम एकादश में अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं। ऐसे में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में शुभमन गिल, रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और कुलदीप यादव शामिल हो सकते हैं।