Sunday, June 21, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

World

स्पेन के पीएम की पत्नी पर भ्रष्टाचार केस, महीने में दो बार अदालत में पेशी...

June 21, 2026 Source: Indivox News

स्पेन के पीएम की पत्नी पर भ्रष्टाचार केस, महीने में दो बार अदालत में पेशी...
स्पेन की राजनीति में इन दिनों बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की पत्नी और देश की फर्स्ट लेडी बेगोना गोमेज भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों के कारण कानूनी जांच के घेरे में आ गई हैं। स्पेन की एक अदालत ने उनके खिलाफ मुकदमे की सुनवाई शुरू करने का आदेश दिया है और साथ ही मामले के निपटारे तक उनके विदेश जाने पर भी रोक लगा दी है। अदालत के निर्देश के अनुसार, बेगोना गोमेज को अपना पासपोर्ट जमा करना होगा और हर महीने दो बार अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। जांच कर रहे जज कार्लोस पेनाडो का कहना है कि उनके खिलाफ प्रभाव का गलत इस्तेमाल, कारोबारी भ्रष्टाचार, सरकारी धन के दुरुपयोग और गबन जैसे गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि देश के सभी सीमा चौकियों और हवाई अड्डों को निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बेगोना गोमेज विदेश यात्रा पर लगी रोक का पालन करें। हालांकि, अभी तक ट्रायल की तारीख तय नहीं की गई है। इस मामले के सामने आने के बाद स्पेन की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की सोशलिस्ट सरकार पर निशाना साधते हुए इस्तीफे की मांग शुरू कर दी है। फैसले के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। वहीं, बेगोना गोमेज ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने भी अपनी पत्नी का बचाव करते हुए पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया है। सरकार के कई अधिकारियों ने अदालत के फैसले की आलोचना करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित कार्रवाई करार दिया है।