Sunday, June 21, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

दिल्ली में महिलाओं के लिए खास पुलिस थाना, रेखा गुप्ता सरकार की अहम पहल...

June 21, 2026 Source: Indivox News

दिल्ली में महिलाओं के लिए खास पुलिस थाना, रेखा गुप्ता सरकार की अहम पहल...
दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को और मजबूत करने की दिशा में रेखा गुप्ता सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। राजधानी को अपना पहला ‘ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन’ मिल गया है। उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में स्थापित इस विशेष थाने का उद्घाटन शनिवार (20 जून) को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने किया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा भी मौजूद रहे। इस थाने की सबसे खास बात यह है कि यहां जांच अधिकारी से लेकर सिपाही तक सभी पदों पर केवल महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों की सुनवाई, जांच और पीड़ितों को संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यह थाना घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़, पीछा करने, साइबर अपराध, बलात्कार और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ होने वाले अन्य गंभीर अपराधों की जांच करेगा। इसके अलावा यहां पीड़ितों के लिए काउंसलिंग, कानूनी सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि यह केवल एक पुलिस थाना नहीं, बल्कि महिलाओं, बच्चों और उनके परिवारों के लिए विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान और सुरक्षित माहौल का एहसास कराना भी है। सरकार का मानना है कि इस नई पहल से महिलाओं का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा तथा अपराधों के खिलाफ कार्रवाई अधिक संवेदनशील और प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।