Monday, June 22, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

आवास मेला-2025 के हितग्राहियों को मिला बड़ा तोहफा

June 22, 2026 Source: Indivox News

आवास मेला-2025 के हितग्राहियों को मिला बड़ा तोहफा
*आवास मेला-2025 के विशेष लक्की ड्रॉ का सफल आयोजन, विजेताओं की हुई घोषणा* *सारंगढ़-बिलाईगढ़ की पूजा बरेठ ने जीती मारुति स्विफ्ट कार* *25 जून को आयोजित होगा उपहार वितरण समारोह* रायपुर, 22 जून 2026/ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 तथा 31 दिसम्बर 2025 तक मंडल की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में पंजीयन कर भवन आबंटन प्राप्त करने वाले पात्र हितग्राहियों के लिए विशेष लक्की ड्रॉ का आयोजन सोमवार को मंडल मुख्यालय, सेक्टर-19, नवा रायपुर अटल नगर में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही एवं पत्रकार उपस्थित रहे। लक्की ड्रॉ कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव तथा आयुक्त श्री अवनीश शरण की उपस्थिति में संपन्न हुआ। पूरी प्रक्रिया लॉटरी पद्धति से पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से आयोजित की गई, जिसका अवलोकन उपस्थित हितग्राहियों एवं अधिकारियों द्वारा किया गया। विशेष लक्की ड्रॉ के अंतर्गत मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, होंडा एक्टिवा स्कूटी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, एलईडी टेलीविजन सहित अनेक आकर्षक उपहारों के लिए विजेताओं का चयन किया गया। ड्रॉ में बम्पर पुरस्कार मारुति स्विफ्ट कार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पूजा बरेठ ने जीती। उन्होंने अटल विहार योजना, दानसरा में एल.आई.जी. भवन क्रमांक-32 बुक कराया था। होंडा शाइन मोटरसाइकिल कोरबा जिले के रवि प्रकाश राठौर को प्राप्त हुई, जिन्होंने गोकुल नगर, खरमोरा स्थित कमर्शियल-कम-रेजिडेंशियल फ्लैट की दुकान क्रमांक-06 खरीदी है। होंडा एक्टिवा स्कूटी के विजेता कृष्ण कुमार रहे, जिन्होंने गोकुल नगर, खरमोरा, कोरबा में एम.आई.जी. फ्लैट क्रमांक एफ-302 बुक कराया है। रेफ्रिजरेटर की विजेता श्रीमती सुषमा गुप्ता तथा श्री अरुण कुमार प्रधान रहे। वहीं वाशिंग मशीन के विजेताओं में श्री ओम सोनी और श्रीमती रेणुका घृतलहरे शामिल हैं। एलईडी टेलीविजन के विजेता श्री गजेन्द्र कुमार यादव एवं श्री संजीत कुमार साह रहे। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के दौरान भी प्रतिदिन कूपन आधारित लक्की ड्रॉ आयोजित कर प्रतिभागियों को एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर एवं स्टीम आयरन सहित अनेक आकर्षक उपहार वितरित किए गए थे। विशेष लक्की ड्रॉ में चयनित विजेताओं को उपहार वितरण समारोह के दौरान सम्मानपूर्वक पुरस्कृत किया जाएगा। यह समारोह 25 जून 2026 को सर्किट हाउस, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित होगा। मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल राज्य के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने और हितग्राही-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आयुक्त श्री अवनीश शरण ने सभी हितग्राहियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी मंडल की योजनाओं में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की।