India
अन्ना हजारे फिर हुए सक्रिय, RTI नियमों को लेकर सरकार को घेरा...
June 23, 2026 Source: Indivox News
Anna Hazare Again Threatens Hunger Strike: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में हैं। उन्होंने महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा सूचना का अधिकार (RTI) नियमों में किए गए बदलावों का विरोध करते हुए 5 जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। अन्ना हजारे का कहना है कि अगर सरकार नए नियमों को वापस नहीं लेती, तो वह अनशन के जरिए अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में अन्ना हजारे ने कहा कि महाराष्ट्र सूचना का अधिकार नियम, 2026, RTI कानून की मूल भावना को कमजोर करते हैं और पारदर्शिता पर असर डालते हैं। उनका आरोप है कि 12 जून को लागू किए गए नए नियम RTI एक्ट 2005 के उद्देश्यों के खिलाफ हैं और आम नागरिकों के लिए जानकारी हासिल करना पहले से अधिक मुश्किल बना देंगे।
अन्ना हजारे ने RTI आवेदन शुल्क बढ़ाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने फीस बढ़ाने के पीछे कोई ठोस कारण या वित्तीय विश्लेषण पेश नहीं किया है। उनका कहना है कि RTI कोई राजस्व जुटाने का माध्यम नहीं है। यदि 20 साल बाद शुल्क बढ़ाया जा रहा है, तो जानकारी देने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर लगने वाले जुर्माने में भी बढ़ोतरी होनी चाहिए।
इसके अलावा, उन्होंने RTI आवेदन के साथ पहचान पत्र अनिवार्य करने का भी विरोध किया। अन्ना का मानना है कि इससे व्हिसलब्लोअर और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने ‘एक विषय, एक आवेदन’ जैसे नए नियमों को भी अनावश्यक बताते हुए कहा कि इससे लोगों की पूरी और अद्यतन जानकारी तक पहुंच सीमित हो जाएगी। उनके मुताबिक, प्रक्रिया को ज्यादा तकनीकी और महंगी बनाना पारदर्शिता के लिए खतरा है।