Wednesday, June 24, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

World

लंदन में मासूम की जान बचाने वाले जेसिल ने क्रिकेट को दिया श्रेय

June 24, 2026 Source: Indivox News

लंदन में मासूम की जान बचाने वाले जेसिल ने क्रिकेट को दिया श्रेय
लल्लूराम डेस्क। लंदन के इलफ़ोर्ड इलाके में एक तीन साल की बच्ची दूसरी मंज़िल की खिड़की के छज्जे से लटक गई थी। इस दौरान नीचे खड़े लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन मोहम्मद जेसिल नाम के एक शख्स ने अपनी सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए बच्ची की जान बचा ली। बाद में उन्होंने कहा कि भारत में क्रिकेट खेलने से मिली ट्रेनिंग ने शायद इस मुश्किल वक्त में उनकी मदद की। दो बच्चों के पिता जेसिल ने बताया कि उन्होंने बिना कुछ सोचे तुरंत दौड़ लगा दी। उनके मुताबिक, एक पिता होने के नाते उन्होंने सिर्फ अपनी जिम्मेदारी समझी और बच्ची को बचाने की कोशिश की। उन्होंने खुद को हीरो मानने से इनकार करते हुए कहा कि कोई भी पिता ऐसी स्थिति में यही करता। घटना के दौरान गुलाबी जैकेट पहने बच्ची काफी देर तक छज्जे से लटकी रही और खुद को ऊपर खींचने की कोशिश करती रही। नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और इमरजेंसी सेवाओं को सूचना दी गई। इसी बीच जेसिल और मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एक अधिकारी बच्ची के नीचे पहुंच गए। जैसे ही बच्ची की पकड़ छूटी, जेसिल और पुलिस अधिकारी ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में बच्ची को नीचे की खिड़की पर मौजूद महिला, जिसे उसकी मां माना जा रहा है, के हवाले कर दिया गया। इस सफल बचाव के बाद वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर दोनों का स्वागत किया। जेसिल ने बताया कि घटना के बाद बच्ची ने उन्हें गले लगाकर धन्यवाद कहा। पुलिस के अनुसार, बच्ची को कोई चोट नहीं आई और अगले ही दिन वह सामान्य रूप से स्कूल भी चली गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।