Saturday, June 27, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

राम मंदिर चंदा चोरी केस में प्रियांक खरगे ने PM मोदी और योगी सरकार को घेरा

June 27, 2026 Source: Indivox News

राम मंदिर चंदा चोरी केस में प्रियांक खरगे ने PM मोदी और योगी सरकार को घेरा
अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठा रहा है। इसी बीच कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। शनिवार (27 जून) को बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियांक खरगे ने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, लेकिन अब जब चंदा चोरी का मामला सामने आया है तो उनकी आवाज क्यों नहीं सुनाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कब बोलेंगे? उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान पर भी निशाना साधा। खरगे ने कहा कि अगर राम भक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने दावा किया कि इस मामले में न तो कांग्रेस और न ही समाजवादी पार्टी का कोई नेता शामिल है, बल्कि आरोप उन्हीं लोगों पर लग रहे हैं जो खुद राम मंदिर से जुड़े रहे हैं। प्रियांक खरगे ने बीजेपी पर लोगों की आस्था की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वर्षों से भगवान राम के नाम पर राजनीति करते रहे हैं और अब उन्हीं पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। उनके मुताबिक, धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों से जवाबदेही की उम्मीद की जानी चाहिए। इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।