Sunday, June 28, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

पुंछ में LoC पार कर घुसा युवक गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

June 28, 2026 Source: Indivox News

पुंछ में LoC पार कर घुसा युवक गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने एक और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से आए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए शख्स की पहचान 31 वर्षीय रईस खान के रूप में हुई है, जो बालाकोट सेक्टर से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था। सेना के जवानों ने उसे सीमा पार करते ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका भारत आने का उद्देश्य क्या था और कहीं उसका संबंध किसी आतंकी संगठन या स्थानीय नेटवर्क से तो नहीं है। गौरतलब है कि जून महीने में पुंछ जिले में घुसपैठ का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 26 जून को कृष्णा घाटी सेक्टर के गुलपुर इलाके से मोहम्मद सज्जाद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। वहीं 9 जून को पकड़े गए 14 वर्षीय जाविद अली को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक सप्ताह बाद पाकिस्तान को सौंप दिया गया था। इसी बीच जम्मू के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास नुंदपुर गांव के निकट एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन भी भारतीय सीमा में कुछ समय तक मंडराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही BSF, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, ड्रोन के जरिए हथियार या मादक पदार्थ गिराए जाने की आशंका के बावजूद तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। कुछ समय पहले उरी सेक्टर में भी PoJK निवासी जीशान अहमद मीर को LoC पार करते हुए पकड़ा गया था। जांच में सामने आया था कि वह उरी के तिलावाड़ी गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने भारत आया था, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।