India
BJP अध्यक्ष ने कांग्रेस को घेरा, कहा- “एक प्रधान” का सपना अब हकीकत
July 6, 2026 Source: Indivox News
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे। मिश्रीवाला में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर त्याग, बलिदान और वीरता की भूमि है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में शांति, विकास और सुशासन के नए दौर की शुरुआत होने का दावा किया।
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने “एक विधान, एक निशान और एक प्रधान” के संकल्प को पूरा किया है। इस दौरान उन्होंने माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद और डोगरा वीरों के बलिदान को भी नमन किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर की तस्वीर बदल गई है। उनके अनुसार अब पूरे प्रदेश में तिरंगा सम्मान के साथ लहराता है, अलगाववाद और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं में कमी आई है तथा निवेश और विकास का माहौल मजबूत हुआ है।
नितिन नवीन ने कांग्रेस पर राष्ट्रविरोधी तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया। वहीं, जम्मू-कश्मीर की उमर अब्दुल्ला सरकार पर जम्मू क्षेत्र के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी क्षेत्रों और समुदायों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सड़क, हवाई अड्डों और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास को तेज किया है। साथ ही भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, सीमाओं की सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि पहले जम्मू-कश्मीर के युवाओं की पहचान पत्थरबाजी से जोड़ी जाती थी, लेकिन आज वही युवा खेलों और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में आए बदलाव का परिणाम बताया।