Tuesday, July 7, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

बादल फटने से डोडा में मची तबाही, जम्मू-कश्मीर में राहत अभियान जारी

July 7, 2026 Source: Indivox News

बादल फटने से डोडा में मची तबाही, जम्मू-कश्मीर में राहत अभियान जारी
जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिलों में रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई। डोडा जिले के थाथरी और भलेसा इलाकों में अचानक आई बाढ़, कीचड़ और पत्थरों के तेज बहाव से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन कई घरों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है। बादल फटने के बाद थाथरी के मुख्य बाजार और जामिया मस्जिद क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए। तेज बहाव अपने साथ भारी मात्रा में मलबा, चट्टानें और कीचड़ लेकर आया, जिससे कई गांवों को जोड़ने वाली सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई मार्गों पर मलबा जमा होने से लोगों की आवाजाही बाधित हो गई और कई गांवों का संपर्क टूट गया। हालात को देखते हुए बटोटे-डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-244) को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सड़क पर भारी मलबा और भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन ने हाईवे से मलबा हटाने और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके। वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण जम्मू संभाग के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन और राहत दल प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार बचाव और राहत कार्य तेजी से जारी हैं और हालात को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।