Wednesday, July 8, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

World

पीएम मोदी की विकास योजनाओं की इंडोनेशिया में गूंज, राष्ट्रपति ने किया बड़ा खुलासा

July 7, 2026 Source: Indivox News

पीएम मोदी की विकास योजनाओं की इंडोनेशिया में गूंज, राष्ट्रपति ने किया बड़ा खुलासा
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित राजकीय भोज के दौरान भारत की विकास यात्रा और मोदी सरकार की कई योजनाओं की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से प्रधानमंत्री मोदी के कामकाज और उनकी नीतियों पर नजर रख रहे हैं। राष्ट्रपति ने मुस्कुराते हुए स्वीकार किया कि उन्होंने भारत की कई सफल योजनाओं को अपने देश में लागू किया है। उन्होंने कहा, “मैंने आपके कई कार्यक्रमों को अपनाया है और इसे स्वीकार करने में मुझे कोई झिझक नहीं है। ये योजनाएं करोड़ों लोगों के लिए फायदेमंद साबित हुई हैं।” प्रबोवो ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया की चुनौतियां काफी हद तक एक जैसी हैं। दोनों देशों की बड़ी आबादी, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक आपदाओं जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत ने जिस तरह विकास किया है, वह इंडोनेशिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया का एक प्रतिनिधिमंडल भारत आया था, जिसने कृषि तकनीकों और विशेष रूप से सूखी जमीन को उपजाऊ बनाने के भारतीय मॉडल का अध्ययन किया। राष्ट्रपति ने हल्के अंदाज में यह भी कहा कि अच्छी बात यह है कि भारत की योजनाओं पर कोई "कॉपीराइट" नहीं है, इसलिए दूसरे देश भी उनसे सीख सकते हैं। उन्होंने भारत के साथ भविष्य में भी सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। इस दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, शिक्षा, कृषि, समुद्री सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, मेडिकल रेगुलेशन, क्रिटिकल मिनरल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप और क्रॉस-बॉर्डर QR पेमेंट सिस्टम समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने ब्रह्मोस मिसाइल सहयोग को भी आगे बढ़ाने का फैसला किया। साथ ही इंडोनेशिया में IIT और IIM कैंपस स्थापित करने तथा प्रंबनन मंदिर परिसर के संरक्षण पर भी मिलकर काम करने की सहमति बनी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग अदिपुर्णा’ से भी सम्मानित किया गया।