India
युवाओं के भविष्य से जुड़े एंटी पेपर लीक बिल पर राज्यसभा में आज बहस
July 30, 2026 Source: Indivox News
संसद के मानसून सत्र के नौवें दिन एंटी पेपर लीक बिल राज्यसभा में पेश हुआ। सरकार की कोशिश इसे जल्द से जल्द राज्यसभा से भी पास कराने की होगी। इस पर चर्चा के लिए सात घंटे का समय दिया गया है। सरकार की कोशिश जल्दी से जल्दी इस बिल को दोनों सदन से पास कराकर कानून बनाने पर है। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और मुकुल वासनिक राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर बोलेंगे। खबर लिखे जाने के समय मल्लिकार्जुन खड़गे अभी अपनी बात रख रहे हैं।
लोकसभा में पहले ही पास हो चुका है बिल
इससे पहले लोकसभा की आठ दिन की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ है। बुधवार को भी लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल को लेकर जोरदार बहस हुई। हालांकि, यह बिल सदन से पास हो गया। बुधवार को सत्तापक्ष के सदस्यों ने ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ और कांग्रेस के सदस्यों ने ‘एलओपी को बोलने दो’ और ‘गृह मंत्री जवाब दो’ के नारे लगाए। सदन में काफी देर तक गतिरोध की स्थिति बनी रही। राहुल गांधी ने कहा कि सड़कों पर इस देश के भविष्य ने जो किया, वह कोई गुस्सा, हिंसा और नफरत नहीं थी, बल्कि यह युवाओं की अभिव्यक्ति थी तथा सत्तारूढ़ दल समेत सभी दलों को इसका सम्मान करना चाहिए।
सीसीएस की बैठक कर रहे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीसीएस की बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में कुछ अन्य मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, हरदीप पुरी भी बैठक में शामिल हैं। शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होनी है, उससे पहले आज बड़ी बैठक हो रही है।