Tuesday, October 6, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

Development

छत्तीसगढ़ में डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, डेटा सेंटर में होगा बड़ा निवेश

October 5, 2026 Source: Indivox News

छत्तीसगढ़ में डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, डेटा सेंटर में होगा बड़ा निवेश
छत्तीसगढ़ में डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, डेटा सेंटर में होगा बड़ा निवेश
रायपुर, 5 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ ने आज भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को कुल 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनमें सबसे बड़ा 41,750 करोड़ रुपये का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर छत्तीसगढ़ ने इस फोरम में सहभागिता की। यह महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मिला है। कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी। एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फोरम के दौरान कंपनी को निवेश के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा। यह निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ में तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती देगा। छत्तीसगढ़ पहले से ही भारत के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क का घर है। इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के उभरते हुए प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक बिजली, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह समझौता दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत है। कंपनी मध्य भारत में सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय पूंजी एवं विशेषज्ञता लाने और छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को इसके संचालन के लिए प्रशिक्षित करने की दिशा में काम करेगी। फोरम में छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सौर ऊर्जा क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ। इसमें बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स का क्षेत्र भी शामिल है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और यहां के लोगों में निवेशकों के विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ फोरम में आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस संवाद में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों और सुधारों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बंद कमरों में बैठकर सुधार तय नहीं करती, बल्कि उद्योगों से सीधे उनकी समस्याएं पूछकर व्यवस्थाओं में बदलाव करती है। उन्होंने बताया कि राज्य में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और यह सुधार प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के संयोजन से पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री सुश्री गण सिओ ह्वांग ने फोरम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। उनकी उपस्थिति भारतीय राज्यों और सिंगापुर के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के महत्व को दर्शाती है। मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले जैसी वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी फोरम को संबोधित किया। फोरम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने एक्वाटेक और एड्रॉयट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं। इन बैठकों में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग की अधोसंरचना तथा छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 6 अक्टूबर 2026 को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे। इस दौरान SING फोरम से बनी निवेश संभावनाओं को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में निवेश और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।