Politics
पश्चिम बंगाल में सियासी हलचल, जहांगीर खान के 3 साथी गिरफ्तार
May 3, 2026
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता क्षेत्र में मतगणना से पहले राजनीतिक तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद पुलिस ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के तीन करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतिबुर रहमान, हबीब शेख और हबीब मुल्ला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इन लोगों पर चुनाव के बाद मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने न सिर्फ FIR दर्ज करने का आदेश दिया, बल्कि स्थानीय पुलिस को सख्त चेतावनी भी दी कि यदि हालात जल्द काबू में नहीं लाए गए तो संबंधित थाने के अधिकारी (OC) के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के तहत पंचायत प्रधान इसराफुल चकदर और उसके सहयोगी सुजाउद्दीन शेख के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि टीएमसी से जुड़े कुछ लोग उन घरों में जाकर धमकी दे रहे थे, जिन्हें बीजेपी समर्थक माना जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सब इसराफुल चकदर के नेतृत्व में हो रहा था।
फलता के हाशिमनगर इलाके में शुक्रवार से ही तनाव बना हुआ है। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें मतदान करने से रोका गया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डायमंड हार्बर पुलिस जिला के अधिकारी अजयपाल शर्मा मौके पर पहुंचे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने राज्य पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। एक स्थानीय प्रदर्शनकारी ने कहा कि लोगों को उनके घरों में घुसकर पीटा गया और उन्हें गांव छोड़ने की धमकी दी गई।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की हिंसा या धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मतगणना से पहले माहौल शांत और निष्पक्ष बना रहे।