India
Crime News : युवक को धमकाकर ATM से निकलवाए पैसे, एक आरोपी गिरफ्तार
May 13, 2026 Source: Indivox News
Raipur में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। राजधानी के टिकरापारा इलाके में एक युवक को बंधक बनाकर उससे जबरन एटीएम से पैसे निकलवाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर एक निजी कंपनी में काम करता है। 8 मई की रात वह टिकरापारा क्षेत्र से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह साहू भवन के पास स्थित एक पान ठेले पर रुका। तभी वहां विशाल बृजवानी उर्फ दीनू अपने दो साथियों के साथ पहुंचा। आरोपियों ने बिना किसी वजह के युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों बदमाशों ने विशाल के साथ मारपीट की और उसे जबरन उसकी ही मोपेड पर बैठाकर पास के एटीएम तक ले गए।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने एटीएम के अंदर भी उसके साथ मारपीट जारी रखी और डराकर उसके खाते से 10 हजार रुपये निकलवा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और युवक को वहीं छोड़ दिया। घटना से डरे-सहमे पीड़ित ने बाद में टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर पांच से अधिक अपराध दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को उसके खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा भी भेजी गई है।
फिलहाल पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना ने राजधानी में बढ़ते अपराध और लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।