Thursday, May 14, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

Sports

IPL मैच के चलते रायपुर में ट्रैफिक अलर्ट, इन रास्तों से पहुंचे स्टेडियम

May 13, 2026 Source: Indivox News

IPL मैच के चलते रायपुर में ट्रैफिक अलर्ट, इन रास्तों से पहुंचे स्टेडियम
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के तहत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है, वहीं बड़ी संख्या में दर्शकों की आवाजाही को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग व्यवस्था तय की है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और किसी को परेशानी न हो। रायपुर शहर से आने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा से नेशनल हाईवे-53 होते हुए सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के रास्ते नया रायपुर पहुंचने की सलाह दी गई है। वहां से साईं अस्पताल रोड के जरिए परसदा-कोसा पार्किंग में वाहन पार्क किए जाएंगे। पार्किंग भरने की स्थिति में सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा। बिलासपुर, बलौदाबाजार, खरोरा, दुर्ग-भिलाई, महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। सभी दर्शकों को तय पार्किंग स्थल तक पहुंचने के बाद पैदल स्टेडियम में प्रवेश करना होगा। वहीं पासधारी वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है, जहां A से G तक के पार्किंग पास धारकों को निर्धारित मार्गों से प्रवेश दिया जाएगा। मैच के दौरान ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्रशासन ने दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रमुख मार्गों पर भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में कई वस्तुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। शराब, बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू, बोतल, छाता, हथियार, पटाखे, बैग, कैमरा, लेजर लाइट, खाद्य सामग्री और अन्य कई सामान स्टेडियम के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचे, निर्धारित रूट का पालन करें और सुरक्षा नियमों का सहयोग करें, ताकि मैच का आनंद बिना किसी परेशानी के लिया जा सके।