Friday, June 12, 2026 English edition
Indi Vox News Indi Vox News

Every Voice Matters

India

आसनसोल में TMC कार्यालय पर कार्रवाई, तृणमूल ने लगाए राजनीतिक आरोप

May 23, 2026 Source: Indivox News

आसनसोल में TMC कार्यालय पर कार्रवाई, तृणमूल ने लगाए राजनीतिक आरोप
पश्चिम बंगाल में अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी अभियान के तहत अब पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल के बर्नपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक और पार्टी कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई शनिवार को बर्नपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित टीएमसी पार्षद अशोक रुद्र के कार्यालय पर की गई। प्रशासन और सेल-आईएसपी (IISCO Steel Plant) अधिकारियों का दावा है कि यह दफ्तर सेल की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर पूरे ढांचे को गिरा दिया गया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में बर्नपुर क्षेत्र में यह चौथा टीएमसी कार्यालय है जिसे अवैध कब्जे के आरोप में हटाया गया है। राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस ने इस बुलडोजर अभियान को लेकर बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्षी दलों को निशाना बनाकर “टारगेट पॉलिटिक्स” की जा रही है। टीएमसी का दावा है कि केवल उनके पार्टी कार्यालयों और समर्थकों के निर्माणों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य मामलों को नजरअंदाज किया जा रहा है। हालांकि सेल प्रबंधन और प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे और अवैध कब्जा हटाने के लिए समय भी दिया गया था। नोटिस का पालन नहीं करने के बाद मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं बल्कि सरकारी और औद्योगिक जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाया जा रहा है। इससे पहले भी बर्नपुर के त्रिवेणी मोड़ इलाके में तृणमूल युवा कांग्रेस के एक दफ्तर को गिराया गया था। IISCO प्रबंधन ने उस दफ्तर को भी अपनी जमीन पर अवैध कब्जा बताते हुए कार्रवाई की थी। अधिकारियों के मुताबिक आगे भी अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा और विकास परियोजनाओं के लिए जमीन खाली कराई जाएगी।